नई दिल्ली। बस एक घंटे के लिए धरती पर अंधेरा हमारे गृह पृथ्वी की उम्र बढ़ाएगा। इसी संदेश के साथ दिल्ली के राज्यपाल नजीब जंग समेत कई हस्तियों ने लोगों से `अर्थ अॅावर` के वैश्विक अभियान से जुड़ कर 29 मार्च, शनिवार की शाम को एकघंटे बिजली बंद रखने की अपील की है। शाम के समय मात्र एक घंटे के लिए बत्ती बुझाने से होने वाली ऊर्जा बचत से ग्लोबल वार्मिग पर असर डालने वाली कार्बन उत्सर्जन में खासी कमी आएगी। डब्लू़डब्लूएफ के अर्थ ऑवर-2014 अभियान से निजी संगठन, सरकारी उपक्रम व जन साधारण ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक हुए हैं। इस बार अर्थ ऑवर अभियान में 152 देशों के सात हजार से अधिक शहर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें भारत से लेकर न्यूजीलैंड भी शामिल हैं। डब्लूडब्लूएफ इंडिया ने आधिकारिक अर्थ ऑवर की शुरूआत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दिल्ली हाट में शाम 7.15 बजे से 9.30 बजे तक करने का ऐलान किया है। उसने दिल्ली शहर को एक हरित व स्वच्छ शहर बनाने में आम नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जब तक सभी नागरिक एकजुट नहीं होंगे, तब तक पर्यावरण संरक्षण के प्रति चलाए जा रहे अभियानों को सफल नहीं बनाया जा सकता। इस तरह के अभियान से लोगों में जागरूकता के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता भी बढ़ेगी। मोबाइल फोन कंपनी नोकिया ने डब्लूडब्लूएफ इंडिया के साथ मिलकर अर्थ ऑवर पर एक एप्लीकेशन जारी किया है।
Start the Discussion Now...